Haryana BJP Training Camp : सीएम सैनी बोले, भाजपा संकल्‍प पत्र के हर वादे को करेंगे पूरा

Haryana BJP Training Camp : सीएम सैनी बोले,  भाजपा संकल्‍प पत्र के हर वादे को करेंगे पूरा
आपके शेयर से बदलेगा नज़रिया!

Sateek Samachar, समालखा (पानीपत)।

हरियाणा भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सरकार की उपलब्धियां गिनवाई और कार्यकर्ताओं को पार्टी की नींव बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव में भाजपा द्वारा जारी संकल्प पत्र के हर वादे को पूरा किया जाएगा। पांच वर्ष पूरा होने पर कोई ऐसा वादा नहीं होगा जिसे पूरा न किया गया हो।

कहा- संगठन की नींव कार्यकर्ताओं की निष्ठा, समर्पण और परिश्रम पर टिकी है

उन्होंने प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और मंडल अध्यक्षों को संबोधित किया। सीएम सैनी ने कहा कि संगठन की नींव कार्यकर्ताओं की निष्ठा, समर्पण और परिश्रम पर टिकी हुई है। पार्टी के मंडल अध्यक्ष जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करते हैं। कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण भाव से भाजपा आज इस मुकाम पर पहुंची है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

भाजपा के प्रशिक्षण शिविर पार्टी के लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

सैनी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के लिए इस तरह के प्रशिक्षण पार्टी के लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रशिक्षण शिविरों में पार्टी की नीतियों, विचारों और कर्तव्यों को समझने का जहां अवसर मिलता है, वहीं संगठनात्मक कौशल निखारने का अवसर भी प्राप्त होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता हैं। सामाजिक राजनीतिक बदलाव, वातावरण और नए-नए प्रकल्पों एवं विचारों से जुड़ने का अवसर हमें कार्यशालाओं में मिलता है। मुझे पूरा विश्वास है कि आप इस दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में अनुभव और कौशल प्राप्त करके जाएंगे और जनमानस के साथ जुड़कर पार्टी की नीतियों और विचारों से लोगों को अवगत कराएंगे।

सैनी ने कहा कि चुनाव में कार्यकर्ताओं के परिश्रम से लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी। प्रदेश की जनता ने भाजपा को जो अपना जनादेश दिया है यह सभी आप लोगों के परिश्रम से संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में मिली बड़ी जीत भाजपा की नीतियों की जीत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जनता की इच्छाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए तीन गुणा तेज गति से विकास के कार्य कर रही है।

सैनी ने कहा कि कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच समन्वय का काम करते हैं। सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की तरफ से जो कार्य करने को मिलता है उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ पूरा करें। हमें सरकार के हर निर्णय और योजनाओं की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा, हमारी सरकार के निर्णयों की तारीफ खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी करते हैं।

सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया के अंदर अलग से चमक रहा है। देश और प्रदेश में तेजी से विकास के कार्य हो रहे हैं। सरकार की उपलब्ध्यिं और योजनाओं के बारे में बोलते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारी सरकार ने पंचायती जमीन पर बने मकानों पर मालिकाना हक देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने नीति बनाई कि जिसके पास मकान नहीं है उसे मकान देने का काम किया। सरकार गरीबों को 100-100 गज के प्लॉट देने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत शहर के लोगों को प्लाट दिए जा रहे हैं।

सैनी ने कहा कि कांग्रेस के समय में गांवों में 5-6 घंटे बिजली आती थी। कांग्रेस के लोग बिजली के नाम पर वोट मांगने जनता के बीच जाते थे। श्री सैनी ने कहा कि हमारी सरकार ने 24 घंटे बिजली देने का काम किया है। किसानों की 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने की गारंटी भाजपा सरकार ने दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को समृद्ध और मजबूत बनाने का काम कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *