Delimitation: पंजाब के सीएम भगवंत मान ने परिसीमन प्रक्रिया पर उठाए सवाल, कहा- भाजपा की सियासी विरोधियों को खत्‍म करने की चाल

Delimitation: पंजाब के सीएम भगवंत मान ने परिसीमन प्रक्रिया पर उठाए सवाल, कहा- भाजपा की सियासी विरोधियों को खत्‍म करने की चाल
Last Updated: 7 Jul, 2025 at 10:04 PM by Sunil Kumar Jha

Sateek Samachar, चंडीगढ़।

Delimitation: पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान ने चुनाव क्षेत्रों की परिसीमन की प्रक्रिया पर सवाल उठाया है और इसके माध्‍यम से राजनीतिक विरोधियों को खत्‍म करने की भाजपा की चाल बताया है। उन्‍होंने कहा कि देश में परिसीमन प्रक्रिया को लागू करने का तरीका गंभीर प्रश्‍न उठाता है। भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार इसके माध्‍यम से अपने राजनीतिक विरोधियों को खत्म करने की कोशिश कर रही है।

कहा – भाजपा राजनीतिक विरोधियों को खत्म करने के लिए परिसीमन का कर रही उपयोग

यहां पत्रकारों से बातचीत में भगवंत माान ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा अपनाया गया अलोकतांत्रिक तरीका भाजपा और उसके सहयोगियों की मंशा पर संदेह पैदा करता है। रणनीति के तहत उन राज्यों की सीटें घटाई जा रही हैं, जहां भाजपा और उसके सहयोगी कमजोर हैं। दूसरी ओर, उन राज्यों की सीटें बढ़ाई जा रही हैं, जहां भाजपा का विभाजनकारी एजेंडा फल-फूल रहा है। लोकतंत्र का गला घोंटने वाले केंद्र सरकार के इस कदम के खिलाफ सभी समान विचारधारा वाली पार्टियां एकजुट होंगी।

एक सवाल के जवाब में उन्‍होंने कहा कि सीमा से सटे राज्य होने के कारण कई विरोधी ताकतें पंजाब की शांति भंग करने के लिए नापाक मंसूबे बना रही हैं। सतर्क पंजाब पुलिस ने हमेशा ऐसी कोशिशों को नाकाम किया है। पुलिस बल को जांच, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आधुनिक आवश्यकताओं के अनुसार अपडेट किया गया है। मान ने उम्मीद जताई कि पंजाब पुलिस देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरी पेशेवर प्रतिबद्धता के साथ लोगों की सेवा करने की अपनी शानदार विरासत को कायम रखेगी।

भगवंत मान ने कहा कि अमृतसर की घटना के पीछे भी उन्हीं विभाजनकारी ताकतों का हाथ है, जो प्रदेश की शांति, प्रगति और खुशहाली को रोकना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन ताकतों को कभी भी अपने नापाक इरादों में सफल नहीं होने देगी और उनकी सभी साजिशों को नाकाम कर दिया जाएगा।

उन्‍होंने पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति अन्य राज्यों की तुलना में काफी बेहतर है क्योंकि पंजाब पुलिस इस मामले पर पूरी मुस्तैदी से नजर रख रही है। बता दें कि अमृतसर में शुक्रवार देर रात बाइक पर आए दो युवकों ने एक मंदिर पर बम फेंका था। इससे हुए विस्‍फोट में मंदिर की पहली मंजिल के बाहरी हिस्‍से को नुकसान हुआ।

भगवंत मान ने कहा कि पंजाब हमेशा से सीमापार उग्रवाद का शिकार रहा है और राज्य नशे और उग्रवाद के खिलाफ देश की लड़ाई लड़ रहा है। सीमापार से राज्य में नशे, हथियारों और अन्य चीजों की तस्करी के लिए अक्सर ड्रोन का इस्तेमाल किया जाता रहा है। यह गर्व और संतोष की बात है कि जब से राज्य ने ‘युद्ध नशों के विरुद्ध ’ के रूप में जन आंदोलन शुरू किया है, तब से ड्रोन के जरिए तस्करी में कमी आई है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस और अन्य भी मौजूद थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *