पद्मश्री से सम्‍मानित होने वाले हरियाणा के हरविंदर ने संघर्ष से रची सफलता की गाथा

पद्मश्री से सम्‍मानित होने वाले हरियाणा के हरविंदर ने संघर्ष से रची सफलता की गाथा
Last Updated: 26 Jun, 2025 at 02:48 PM by Sunil Kumar Jha

Sateek Samachar, चंडीगढ़ ।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर हरियाणा की दो हस्तियों को भी पद्म सम्‍मान से सम्‍मानित करने की घोषणा हुई है। इनमें कैथल जिले के तीरंदाज हरविंदर सिंह और झज्‍जर जिले के साहित्‍यकार डा.संतराम देशवाल शामिल हैं। पैरालंपिक खिलाड़ी हरविंदर सिंह ने संघर्ष से अपनी राह बनाई और विपरीत व विषम परिस्थितियों का सामना कर अपना मुकाम हासिल किया। कभी हार न मानने के अपने जज्‍बे की बदौलत वह कामयाबी की कहानी लिखने के साथ ही दूसरों के लिए प्रेरणा बन गए। हरविंदर नई दिल्‍ली में गणतंत्र दिवस परेड में भी शामिल होंगे।

बचपन में इंजेक्‍शन के कारण पैरों की गतिशीलता चली गई

हरविंदर का जन्म कैथल के अजीत नगर में किसान परिवार में 25 फरवरी, 1991 को हुआ था। डेढ़ साल की उम्र में उनको डेंगू हो गया था। इलाज के दौरान इंजेक्शन लगाए गए थे। डेंगू से वह उबर गए लेकिन इंजेक्शन के साइड इफेक्ट के कारण उनके पैरों की गतिशीलता चली गई। इस तरह बचपन से ही उनका संघर्ष शुरू हो गया। हरविंदर को चुनौतियां ने मजबूत बना दिया। शारीरिक परेशानी के बावजूद तीरंदाजी को अपनाया।

तीरंदाजी में हासिल की शानदार उपलब्धियां

अपनी मेहनत और लगन से वह तीरंदाजी में उपलब्धियां हासिल करते चले गए। हरविंदर ने रोहतक में 2016 में आयोजित पहले पैरा आर्चरी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता। इसके बाद उन्होंने 2017 में आयोजित दूसरी पैरा आर्चरी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीता। उन्होंने 2017 में चीन के बीजिंग में हुई विश्व पैरा आर्चरी प्रतियोगिता में सातवां स्थान हासिल किया था। 2019 में थाईलैंड में आयोजित तीसरी एशिया पैरा आर्चरी प्रतियोगिता में उन्होंने टीम इवेंट में कांस्य पदक जीता।

2018 के एशियाई पैरा खेलाें में जीता गोल्‍ड मेडल

हरविंदर ने इंडोनेशिया में 2018 में हुई एशियाई पैरा गेम्स में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता। 2019 में रोहतक में हुई तीसरी पैरा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हरविंदर ने रजत पदक जीता। इसके बाद उन्होंने 2019 के एशियाई पैरा चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता। हरविंदर ने नीदरलैंड में जून 2019 में आयोजित विश्व पैरा आर्चरी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर 2020 के पैरा ओलंपिक का कोटा हासिल किया। 2020 के पैरालंपिक खेलों में उन्होंने कांस्य पदक जीता।

2024 के पैरालंपिक में स्‍वर्ण पदक जीता
हरविंदर ने 2024 के पेरिस पैरालंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर सफलता की नई इबारत लिखी। उन्होंने अप्रैल 2024 में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित विश्व तीरंदाजी ओशिनिया पैरा ग्रैंड प्रिक्स में कांस्य पदक जीता। उन्होंने जून 2024 में चेक गणराज्य में पैरा आर्चरी विश्व रैंकिंग स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
पिता ने खेत में तैयार किया तीरंदाजी रेंज

कॉविड 19 महामारी के कारण जब देशभर में लॉकडाउन लग गया तो पिता ने हरविंदर के अभ्यास के लिए अपने खेत में ही तीरंदाजी रेंज बना दिया। उनके पिता ने खेतों में फसल करने के बाद तीरंदाजी रेंज बनाकर उनके अभ्यास में कोई खलल नहीं पैदा होने की दी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *