जेल से लारेंस बिश्‍नोई के इंटरव्यू मामले में डीएसपी बर्खास्‍त, विदेश हुआ फरार, लुकआउट नोटिस जारी

जेल से लारेंस बिश्‍नोई के इंटरव्यू मामले में डीएसपी बर्खास्‍त, विदेश हुआ फरार, लुकआउट नोटिस जारी
Last Updated: 26 Jun, 2025 at 03:09 PM by Sunil Kumar Jha

Sateek Samachar, चंडीगढ़ । गैंगस्‍टर लाॅरेंस बिश्‍नोई के जेल से इंटरव्‍यू के मामले में पंजाब सरकार ने डीएसपी गुरशेर सिंह को बर्खास्‍त कर दिया गया है। बताया जाता है कि डीएसपी गुरशेर सिंह विदेश भाग गया। उसके खिलाफ अब लुकआउट भी जारी किया गया है।

बता दें कि लाॅरेंस बिश्‍नोई ने पंजाब के खरड़ पुलिस की हिरासत में रहने के दौरान मार्च, 2023 में एक निजी टीवी चैनल काे वीडियो कॉन्‍फ्रेंस के जरिए इंटरव्‍यू प्रसारित हुआ था। इससे हड़कंप मच गया। बता दें कि पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाल की हत्‍या में लाॅरेंस बिश्‍नोई की भूमिका मानी जाती है। इस मामले की जांच के क्रम में पंजाब पुलिस दिल्‍ली की तिहाड़ जेल में बंद लॉरेंस बिश्‍नोई को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आई थी।

डीएसपी गुरशेर सिंह की बर्खास्‍तगी का आदेश राज्‍यपाल की स्‍वीकृति मिलने के बाद राज्‍य के गृहसचिव गुरकिरत किरपाल सिं‍ह ने जारी किया है। बीते सप्‍ताह गृह‍ विभाग द्वारा गुरशेर सिंह को बर्खास्‍त करने की फाइल पंजाब लोकसेवा आयोग को भेजा गया था।

बता दें कि लॉरेंस इंटरव्‍यू मामले में दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए हाई कोर्ट द्वारा विशेष जांच टीम का गठन कर गया था, लेकिन पहले छोटे स्‍तर के अधिकारियों पर कार्रवाई की सिफारिश की गई थी। इस पर हाई कोर्ट ने नाराजगी जताई थी। पंजाब सरकार ने हाई कोर्ट में शपथ पत्र देकर कहा था कि गुरशेर सिंह को बर्खास्‍त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बता दें कि डीएसपी को पिछले वर्ष अक्‍टूबर में निलंबित कर दिया गया था।

पंजाब सरकार के अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में डीएसपी गुरशेर सिंह को अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया था, लेकिन वह सहयोग नहीं कर रहे थे। घर नोटिस भेजने के बाद भी डीएसपी उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद गुरशेर को बर्खास्‍त करने का फैसला किया गया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *